कोंडागांव जिले में बीते 24 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। जिले के लगभग सभी नदी-नाले उफान पर हैं, खेतों में पानी लबालब भर गया है। कई स्थानों पर सड़क, पुल-पुलिया, रपटे और तालाब क्षतिग्रस्त होने की खबरें सामने आई हैं। एक ओर जहां अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं दूसरी ओर आम लोगों को आवागमन और दैनिक गतिविधियों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे अधिक प्रभावित कोंडागांव-नारायणपुर मार्ग (NH-130D) हुआ है, जहां सड़क चौड़ीकरण का कार्य जारी है। लगातार बारिश और उफनते नदी-नालों के कारण इस मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है। वहीं कोंडागांव से मर्दापाल जाने वाला मार्ग भी पूरी तरह बंद हो चुका है। राष्ट्रीय राजमार्ग NH-30 पर स्थित नारंगी नदी भी उफान पर है, जिससे आसपास के कई खेत और निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं।
नारंगी नदी की प्राकृतिक छटा देखने पहुंचे एक स्थानीय राहगीर ने बताया कि लगातार 18 से 24 घंटे की बारिश के कारण जिले के सभी नदी-नाले उफान पर हैं। उन्होंने कहा कि बारिश ने जहां प्राकृतिक सौंदर्य को और निखार दिया है, वहीं लोगों के लिए कई मुश्किलें भी खड़ी कर दी हैं।
जिले के अंदरूनी क्षेत्रों, विशेषकर तोतर ग्राम पंचायत सहित अन्य गांवों से भी नदी-नालों के उफान के वीडियो सामने आए हैं। ग्रामीणों ने पुल-पुलियों के निर्माण की गुणवत्ता और ड्रॉइंग-डिजाइन पर सवाल उठाते हुए शासन-प्रशासन से जल्द राहत एवं आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की मांग की है। प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार करने से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की है।