Salem English School Raipur Conversion case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित सालेम इंग्लिश स्कूल में धर्मांतरण को लेकर जमकर राजनीति हो रही है। इस मामले में छत्तीसगढ़ डायसिस ऑफ बोर्ड एजुकेशन के वाइस प्रेसिडेंट नितिन लॉरेंस का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने अमर उजाला से खास बातचीत में कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ हर हाल में खिलवाड़ नहीं होने देंगे। इस विद्या के मंदिर को राजनीति का अखाड़ा नहीं बनने देंगे। बच्चों के शिक्षा और उनके भविष्य को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। यदि ऐसा कुछ हुआ, तो मैनेजमेंट अपने स्तर पर कार्रवाई करेगा । पिछले एक साल से उन्हें कहा जा रहा था कि आप ड्यूटी ज्वाइन करो। पढ़ाई का वातावरण बनाएं, उसे खराब ना करें। बच्चों के करियर के साथ खिलवाड़ न करें पर वह इन बातों को मानने से बाज नहीं आ रहे हैं। नए सत्र में यदि इस तरह से लापरवाही बरती जाएगी, तो बच्चों की पढ़ाई कैसे हो पाएगी। पढ़ाई के दौरान आंदोलन करेंगे, तो कैसे पढ़ाई होगी? रही बात धर्मांतरण की तो संस्थान में धर्मांतरण जैसी कोई बात नहीं है । यदि उन्हें टर्मिनेट को लेकर कोई दिक्कत है, तो वह कोर्ट की शरण ले सकते हैं।