छत्तीसगढ़ में तीन महीने (जून-जुलाई-अगस्त)का राशन एक साथ देने सरकार के निर्णय की वजह से आम लोगों की भारी परेशानी हो रही है। प्रदेश के कई जिलों में राशन दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक लाइन में लगकर तीन महीने का राशन ले रहे हैं। तकनीकी दिक्कतों की वजह से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में लोगों का धर्य भी अब जवाब दे रहा है। ऐसा ही नजारा देखने को मिला गरियाबंद जिले में। यहां तीन महीने का राशन एक साथ लेने के लिये बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही राशन दुकान केंद्र के बाहर खड़े थे। घंटों इंतजार के बाद जब केंद्र का मुख्य गेट नहीं खुला, तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया। गुस्साई भीड़ ने गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, जिससे वहां पर अफरा-तफरी मच गई। लोग बेकाबू हो गये। एक-दूसरे को धक्का देते हुए तेजी से दौड़कर अंदर घुसे। सोशल मीडिया पर इस वाकये का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।