भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता, पूर्व मंत्री और वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने नगरीय निकाय चुनाव और रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस की दयनीय स्थिति पर कटाक्ष किया है। अपने निवास पर मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस की हालत देखकर यही लग रहा है कि कांग्रेस पूरे हिंदुस्तान में एक ही जगह वायनाड (केरल) में चुनाव लड़ रही है। बीजेपी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता ने कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा पर तंज कसते हुए कहा कि वायनाड में कांग्रेस ने तीन महीने पहले राहुल गांधी के इस्तीफा के बाद प्रत्याशी घोषित किया था। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी उनकी नामांकन रैली में शामिल होने जा रहे हैं। राहुल गांधी, सोनिया गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जब वहां से फ्री हो जाएंगे, तब शायद वे सोचेंगे और जानेंगे कि देश के अन्य हिस्सों में भी उपचुनाव हो रहे हैं। क्योंकि कांग्रेस का मतलब नेहरू खानदान है और कांग्रेसी वही हैं। चंद्राकर ने कहा कि नामांकन दाखिले के आखिरी वक्त तक कांग्रेस में सिर्फ बैठकें ही होती रहेंगी। अगले चुनाव तक भी कांग्रेस यही करेगी। कांग्रेस की बैठकों में कतई गंभीरता नहीं होती। कांग्रेसी दो-दो चुनाव में अपनी करारी हार का ग़म गलत नहीं पाए हैं। ऐसी हालत में कांग्रेस का जीत का दावा हास्यास्पद है। रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस के पास कोई मजबूत प्रत्याशी नहीं है, इसलिए उन्होंने जो प्रत्याशी घोषित किया है वह रायपुर दक्षिण तक का निवासी नहीं है।