कोंडागांव में केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है। सोमवार को कोंडागांव जिला कांग्रेस कमेटी ने ईडी और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ईडी का पुतला जलाया। इस पुतले पर "मैं ईडी हूं, भाजपा का गुलाम हूं" लिखा हुआ था। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पूरे छत्तीसगढ़ में ईडी और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि ईडी जानबूझकर कांग्रेस नेताओं को परेशान कर रही है और भाजपा के इशारे पर काम कर रही है। जिलाध्यक्ष झूमूकलाल दीवान ने कहा कि ईडी निष्पक्ष तरीके से काम करने के बजाय भाजपा की "बी टीम" बन चुकी है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ ईडी की कार्रवाई पूरी तरह से द्वेषपूर्ण है। इतिहास में पहली बार किसी पूर्व मुख्यमंत्री की गाड़ी रोककर तलाशी ली गई, जो कानून का दुरुपयोग दर्शाता है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि ईडी और केंद्र सरकार का यही रवैया जारी रहा तो आने वाले समय में बड़े आंदोलन किए जाएंगे।