फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raigarh: चार महीने से 7848 पेंशनरों को नहीं मिल रही पेंशन, कांग्रेस ने निकाली रैली; कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Tue, 17 Feb 2026 04:00 PM IST
रायगढ़ ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, रायगढ़

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पिछले चार महीनों से 7848 पेंशन हितग्राहियों को उनकी राशि नहीं मिल पा रही है, जिससे लोगों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों ने मंगलवार को रैली निकालकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

पेंशनरों की समस्या को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
मंगलवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव और नेता प्रतिपक्ष शेख सलीम नियारिया की उपस्थिति में कांग्रेस पदाधिकारियों ने नगर निगम ऑडिटोरियम से जिला कलेक्टर कार्यालय तक एक रैली निकाली। उनका मुख्य मुद्दा यह था कि पिछले चार महीनों से वृद्धजनों और अन्य जरूरतमंदों को पेंशन नहीं दी जा रही है। रैली के दौरान कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अविलंब पेंशन भुगतान की मांग की।

केंद्र से राशि न मिलने का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि नगर निगम क्षेत्र में विधवा और वृद्धा पेंशन के लिए केंद्र सरकार से राशि जारी नहीं होने के कारण पिछले चार महीनों से लोग भारी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में वृद्धा पेंशनरों की संख्या 3804, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशनरों की संख्या 742, अन्य पेंशनरों की संख्या 61, सुखद सहारा योजना के हितग्राहियों की संख्या 1465 और सामाजिक सुरक्षा पेंशनरों की संख्या 1565 है। मुख्यमंत्री पेंशन योजना के 211 हितग्राही भी इसमें शामिल हैं। कुल मिलाकर, 7848 ऐसे हितग्राही हैं जिनकी आजीविका पेंशन पर ही निर्भर है।

कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया आरोप
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि पेंशन न मिलने के कारण आम लोगों का भाजपा की गारंटी पर से विश्वास उठने लगा है। उनका आरोप है कि राज्य सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है, जिससे लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। इस कार्यक्रम में विभिन्न कांग्रेस प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और वरिष्ठ सदस्य भी उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें