रायगढ़ जिले में बुधवार की दोपहर रायगढ़ इस्पात एण्ड पॉवर प्राईवेट लिमिटेड में अचानक फर्नेश पंचर हो जाने की घटना में चार श्रमिक घायल हो गए है। घायलों को रायगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मामला पंूजीपथरा थाना क्षेत्र का है।
रायगढ़ जिला मुख्यालय से तकरीबन 15 किलोमीटर दूर ग्राम गेरवानी में स्थित रायगढ़ इस्पात एण्ड पॉवर प्राईवेट लिमिटेड में रोजाना की भांति वहां काम करने वाले श्रमिक अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इस दौरान दोपहर करीब साढ़े 12 बजे के आसपास फर्नेश नंबर 2 में अचानक एक धमाके से अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। मौके पर मौजूद श्रमिकों ने बताया कि अचानक ब्लास्ट जैसी आवाज आने से भय का माहौल निर्मित हो गया था और जैसे ही वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि चार लोग अमरेश कुमार, फिरोज आलम खान, रामनाथ सूर्यवंशी, फूलेंद्र कुमार घायल अवस्था में पड़े थे। बताया जा रहा है कि कुछ श्रमिकों के हाथ पैर 10 प्रतिशत तक झुलस गए हैं वहीं उनके मुंह में भी स्टीम घुस गया हैं और एक श्रमिक उपर से कूदने के दौरान घायल हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस घटना के बाद तत्काल घायलों को उपचार हेतु एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां तीन की हालत सामान्य है वहीं एक को गंभीर चोट आने की बात कही जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
मास्चर के कारण होती है घटना
रायगढ़ इस्पात एण्ड पॉवर प्राईवेट लिमिटेड के मैनेजर सुनील कुमार पंडा ने बताया कि बरसात के दिनों में रॉ मटेरियल में कुछ मास्चर आ जाता है इस दौरान फर्नेश जब हीट होता है तो कभी-कभी इस तरह की घटना होती है। आज हुई घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई थी और उपर में जो श्रमिक थे उन्हें जहां जगह मिला वहां कूद गए। इस दौरान चार श्रमिकों को चोट आई है।
जांच उपरांत होगी कार्रवाई
औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी राहुल पटेल ने बताया कि रायगढ इस्पात में आज फर्नेश पंचर हुआ है जिसमें चार श्रमिक घायल हुए है। लगभग 10 प्रतिशत झुलसे हैं और एक श्रमिक का हाथ टूटा है। चारो का अस्पताल में इलाज जारी है। इस मामले में जांच उपरंात कार्रवाई की जाएगी।
इन श्रमिकों को आई चोट
1. अमरेश कुमार 34 साल (सीनियर फिटर)
2. फिरोज आलम खान 35 साल (फोर मेन)
3. रामनाथ सूर्यवंशी, जांजगीर चांपा 23 साल, (इलेक्ट्रिशियलन)
4. फूलेंद्र कुमार 27 साल, (फोर मेन)