छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बुधवार की शाम 51 हाथियों के बड़े दल को एक साथ सड़क पार करते देखा गया। इस दौरान मार्ग पर काफी देर तक वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहा। वन विभाग और हाथी मित्र दल ने आधे दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों को सावधानी बरतने की अपील जारी की है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 6 बजे छाल रेंज में 51 हाथियों के दल को एक साथ सड़क पार करते देखा गया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर काफी देर तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। बताया जा रहा है कि हाथियों का यह दल बोजिया की तरफ से औरानारा रोड की ओर बढ़ रहा था। इस दल में शावक भी शामिल हैं।
इस बड़े दल की गतिविधि को देखते हुए वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम ने छाल रेंज के बोजिया, चितापाली, पुस्लदा, खेदापाली सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की ओर न जाने की समझाइश दी है। गांवों में मुनादी भी कराई जा रही है। जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में 133 हाथी अलग अलग दलों में विचरण कर रहे हैं, जिनमें 44 नर, 68 मादा और 20 शावक शामिल हैं।