छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पुलिस ने 24 अक्टूबर को बड़ी कार्रवाई करते हुए 21,372 लीटर अवैध मदिरा का विधिवत नष्टीकरण किया। नष्ट की गई शराब की कुल कीमत लगभग 38 लाख 24 हजार रुपये आंकी गई है। इसमें 16,414 लीटर महुआ शराब, 3,415 लीटर देशी शराब और 1,543 लीटर अंग्रेजी शराब शामिल थी। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कोरबा की उपस्थिति में, पूरी पारदर्शिता और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप की गई। प्रक्रिया के दौरान वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई। सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि यह मदिरा 2192 न्यायालय से निराकृत प्रकरणों में जप्त की गई थी। इनमें सबसे अधिक 554 प्रकरण थाना पाली, 261 कटघोरा और 225 हरदीबाजार थाना क्षेत्र से संबंधित थे। इससे पहले भी कोरबा पुलिस द्वारा जून और अगस्त 2025 में करीब 11,700 लीटर शराब का नष्टीकरण, 852 लावारिस वाहनों की नीलामी और 652 विसरा प्रकरणों का निपटारा किया जा चुका है।