कोरबा के बुधवारी बाईपास मार्ग पर शुक्रवार करीब 10 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक सवार ठेले से टकरा गया, जिससे बाइक चालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पूरे हादसे का लाइव वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और मानिकपुर चौकी पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, मृतक 35 वर्षीय सुनील गुप्ता, निवासी बालको, निगम कर्मी था। रात में नो एंट्री खुलते ही मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाईपास मार्ग पर भारी वाहनों के साथ-साथ दोपहिया वाहनों की आवाजाही भी तेज हो गई थी। इसी दौरान टीपी नगर की ओर से ठेला लेकर बुधवारी जा रहे कृष्णा कुमार का ठेला सड़क पर था। पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक अनियंत्रित होकर सीधे ठेले से जा टकराई।
ठेला चालक कृष्णा कुमार ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार सुनील गुप्ता काफी तेज गति में था और सीधे ठेले के पीछे हिस्से से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील के सिर पर गंभीर चोट आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का वीडियो भी वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में टक्कर और उसके बाद मची अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है।
हादसे की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सड़क पर फैले खून और क्षतिग्रस्त बाइक को हटाकर यातायात बहाल कराया। मृतक सुनील गुप्ता के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।