फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Korba News: बरबसपुर में शराब दुकान को लेकर बवाल, ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठे पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल

Sun, 02 Aug 2026 07:23 PM IST
कोरबा ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा

कोरबा जिले के ग्राम बरबसपुर में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर सियासत गरमा गई है। ग्रामीणों के कड़े विरोध के बीच पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और आबकारी विभाग आमने-सामने आ गए हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

घटना की शुरुआत तब हुई जब बरबसपुर में शराब दुकान खोलने की खबर फैली। जानकारी मिलते ही गांव की महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रस्तावित दुकान के सामने धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों के बुलावे पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों का समर्थन किया।

धरना स्थल से जयसिंह अग्रवाल ने सरकार और आबकारी विभाग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब पूरा गांव शराब दुकान का विरोध कर रहा है तो विभाग को जबरन दुकान खोलने का प्रयास नहीं करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि बरबसपुर में किसी भी कीमत पर शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। इसके लिए जरूरत पड़ी तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

पूर्व मंत्री ने धरने के दौरान आबकारी अधिकारी राकेश राठौर से फोन पर बात भी की और नाराजगी जताई। जमकर फटकार लगाया उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की भावनाओं के खिलाफ कोई फैसला बर्दाश्त नहीं होगा। साथ ही उन्होंने राज्य के वाणिज्य एवं आबकारी मंत्री पर भी हमला बोला। जयसिंह ने कहा कि ढाई साल के कार्यकाल में मंत्री अपनी कोई उपलब्धि नहीं गिना सकते। प्रदेश में अवैध शराब और ओवररेट पर बिक्री लगातार जारी है, इस पर विभाग ध्यान नहीं दे रहा।

धरने में शामिल मकान मालिक ने भी स्पष्ट कर दिया कि वह अपना भवन शराब दुकान के लिए नहीं देगा। पूर्व मंत्री ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे इस लड़ाई में आखिरी तक साथ रहेंगे।

वहीं इस पूरे मामले पर आबकारी मंत्री की प्रतिक्रिया भी सामने आई। मंत्री ने कहा कि अगर क्षेत्रवासी शराब दुकान नहीं चाहते तो बरबसपुर में दुकान नहीं खोली जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक दुकान खोलने का कोई निर्णय नहीं हुआ था। आबकारी विभाग की टीम सिर्फ संभावित जगह देखने गई थी।

मंत्री के इस बयान के बाद फिलहाल तनाव कम हुआ है, लेकिन ग्रामीण और पूर्व मंत्री का कहना है कि वे तब तक सतर्क रहेंगे जब तक लिखित में आश्वासन नहीं मिल जाता। बरबसपुर में अभी माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें