आज बुधवार दोपहर करीब 12 बजे कवर्धा शहर के ट्रांसपोर्ट नगर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया। इस हादसे में मौके पर ही बाइक सवार दिलीप पात्रे उम्र 60 वर्ष की मौत हो गई। वहीं, ट्रक चालक अपने वाहन के साथ भाग गया है। इस हादसे के बाद लोगों ने शव को रखकर कवर्धा-जबलपुर नेशनल हाईवे सड़क पर चक्काजाम कर दिया है। यह चक्काजाम दोपहर दो बजे तक जारी है। मौके पर जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारी पहुंचे हुए है। परिजनों से लगातार चर्चा की जा रही है। परिजनों ने बताया कि पास में ही एक सरकारी शराब दुकान है, जिसके कारण यहां आए दिन सड़क हादसे हो रहे है। बीते साल इसी सड़क पर तीन लोगों की मौत हो चुकी है। शराब दुकान को हटाने के लिए मांग किया गया है। इसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। आज प्रदर्शन के दौरान लोगों ने शराब दुकान को तत्काल हटाने व परिजनों को मुआवजा देने की मांग किया है। वहीं, इस चक्काजाम के बाद सड़क पर बड़े वाहनों की लंबी लाइन लग गई है। यह सड़क सीजी को एमपी से जोड़ती है। छोटे वाहन व यात्री बसों को दूसरे रूट से निकाला जा रहा है।