फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छत्तीसगढ़: कवर्धा में होटल में आग से हड़कंप, दमकल की मशक्कत के बाद पाया काबू

Sun, 10 May 2026 10:11 AM IST
कबीरधाम ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, कवर्धा

कवर्धा शहर के व्यस्त बस स्टैंड क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक होटल में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते होटल के भीतर रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, किचन सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात के समय होटल के भीतर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान होटल परिसर के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को दूर रखा गया।

घटना स्थल शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक माना जाता है। होटल के ठीक पास एसबीआई का एटीएम, बस स्टैंड और एक निजी लॉज होटल भी स्थित है। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के व्यापारियों और यात्रियों में दहशत फैल गई थी। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते फायर ब्रिगेड की कार्रवाई शुरू होने से आग अन्य प्रतिष्ठानों तक नहीं पहुंची और एक बड़ा हादसा टल गया। एसबीआई एटीएम और आसपास स्थित अन्य भवन पूरी तरह सुरक्षित हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग कुछ देर और बेकाबू रहती, तो बस स्टैंड क्षेत्र में भारी नुकसान हो सकता था। आग लगने के बाद काफी देर तक इलाके में धुएं का गुबार छाया रहा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, लेकिन प्रशासन और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं होटल संचालक को हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आगजनी में लाखों रुपये के नुकसान की संभावना बताई जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें