फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CG: पोस्ट ऑफिस एजेंट ने 150 खाताधारकों से की करोड़ों की ठगी, शेयर ट्रेडिंग में लगाया पैसा; गिरफ्तार

Tue, 11 Aug 2026 09:25 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जांजगीर-चांपा

पोस्ट ऑफिस में आरडी (रिकरिंग डिपॉजिट) खाता खुलवाकर हर महीने रकम जमा कराने का झांसा देकर खाताधारकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। चांपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पोस्ट ऑफिस एजेंट कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने करीब 150 खाताधारकों की 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खातों में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की है। मामले का खुलासा तब हुआ, जब चांपा निवासी हेमंत कुमार देवांगन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार कृष्णकांत गुप्ता और उसकी मां लक्ष्मी गुप्ता पोस्ट ऑफिस के एजेंट के रूप में काम करते हैं। आरोपी ने अधिक लाभ का भरोसा दिलाकर हेमंत का आरडी खाता खुलवाया और हर महीने जमा करने के नाम पर उनसे पैसे लेता रहा। शिकायत के मुताबिक 1 सितंबर 2022 से 12 फरवरी 2026 के बीच आरोपी ने कुल 1 लाख 21 हजार 200 रुपये जमा करने के नाम पर लिए। उसने रकम की एंट्री डायरी में भी की, लेकिन पोस्ट ऑफिस से खाते की जानकारी लेने पर पता चला कि खाते में केवल 21 हजार रुपये ही जमा किए गए थे। यानी 1 लाख 200 रुपये खाते में जमा ही नहीं किए गए।

पढ़ें: नक्सल प्रभावित परिवारों के लिए सरकार का बड़ा प्लान: 109 शहीद स्मारक बनेंगे; लंबित मामलों पर चलेगा विशेष अभियान शिकायत के आधार पर चांपा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 318(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी कृष्णकांत गुप्ता (39), निवासी चांपा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने शिकायतकर्ता की रकम खाते में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की। इसके बाद जांच में कथित तौर पर करीब 150 खाताधारकों की 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भी खातों में जमा नहीं किए जाने की जानकारी सामने आई।

शेयर ट्रेडिंग में लगाया पैसा
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि खाताधारकों से ली गई रकम को उसने ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के जरिए निवेश किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तीन मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त किए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब अन्य खाताधारकों से जुड़े लेन-देन और धोखाधड़ी की कुल राशि की जांच कर रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ गबन की रकम बढ़ने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें