सक्ती जिले के जैजैपुर जनपद पंचायत में पदस्थ आरईएस के सब इंजीनियर शरद देवांगन के साथ कथित मारपीट के मामले में छत्तीसगढ़ इंजीनियर डिप्लोमा एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। संघ का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद मामले के मुख्य आरोपी जनपद उपाध्यक्ष सीताराम चंद्रा की अब तक गिरफ्तारी नहीं की गई है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि आरोपी की गिरफ्तारी तक इंजीनियर कार्य पर वापस नहीं लौटेंगे।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले जैजैपुर जनपद पंचायत कार्यालय में सब इंजीनियर शरद देवांगन के साथ कथित रूप से कमरे में बंद कर मारपीट की गई थी। इस घटना में भाजपा से जुड़े जनप्रतिनिधियों के नाम भी सामने आए थे। घटना के बाद पीड़ित इंजीनियर और अन्य अधिकारियों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।
इंजीनियर संघ का कहना है कि मामले में कार्रवाई की मांग लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन पुलिस द्वारा अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए। हालांकि बाद में एफआईआर दर्ज कर ली गई, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई है।
इसी के विरोध में जिले के इंजीनियरों ने हड़ताल का रास्ता अपनाया है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो आंदोलन को प्रदेश स्तर तक विस्तारित किया जाएगा और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के इंजीनियर भी इसमें शामिल होंगे। फिलहाल इस मामले को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं हड़ताल के कारण विभागीय कार्य प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।