जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम पौना में बारात के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाजा बंद करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस घटना में छह बाराती घायल हो गए।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। ग्राम खोखरा निवासी देवराज बरेठ ने मुलमुला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल को बारात ग्राम पौना पहुंची थी। बाराती स्कूल पारा के पास बाजा बजाते हुए नाच-गाना कर रहे थे। तभी गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और बाजा बंद करने को लेकर विवाद करने लगे।
उन्होंने गाली-गलौच करते हुए बारातियों पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए मनेश्वर यादव समेत अन्य लोगों पर भी लाठी-डंडों से हमला किया गया। देवराज बरेठ के सिर पर प्राणघातक वार हुआ, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
सिम्स अस्पताल बिलासपुर भेजे घायल
धनंजय यादव की आंख में गंभीर चोट आई है। उनकी हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल से सिम्स अस्पताल बिलासपुर भेजा गया। मारपीट के दौरान बारातियों से पैसे और मोबाइल फोन की लूट भी की गई। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध दर्ज किया।
आरोपियों की गिरफ्तारी
मुलमुला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों में नरेंद्र उर्फ लालू नंगरा कश्यप (24 वर्ष), सरोज कश्यप (20 वर्ष), विमल कश्यप (22 वर्ष) और संजय कश्यप (27 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी ग्राम पौना के निवासी हैं।