पेंड्रा गौरेला क्षेत्र में ईसाई समुदाय का प्रमुख पर्व क्रिसमस हर्षोल्लास, श्रद्धा और शांति के माहौल में मनाया गया। प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव को लेकर क्षेत्र के विभिन्न चर्चों में विशेष सजावट की गई थी। देर रात 12 बजे जैसे ही क्रिसमस की शुरुआत हुई, ईसाई समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और आतिशबाजी कर खुशियां साझा की। क्रिसमस के अवसर पर सुबह से ही ईसाई धर्म के अनुयायी अलग-अलग चर्चों में पहुंचे, जहां विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। चर्चों में भक्ति गीत, बाइबिल पाठ और प्रभु यीशु के संदेशों का वाचन किया गया। इस दौरान शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया गया। बच्चों और युवाओं में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा गया। वहीं, एक दिन पूर्व हिंदू संगठनों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। जिले के सभी प्रमुख चर्चों के बाहर पुलिस जवानों की विशेष तैनाती की गई थी। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। क्रिसमस पर्व को लेकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कल से लेकर आज तक विशेष निगरानी रखी गई। प्रशासन की सतर्कता और सहयोग के चलते पेंड्रा इलाके में क्रिसमस का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।