फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GPM News: पेंड्रा के छात्रावास में नियमों की धज्जियां, देर रात तक बजता रहा DJ; प्रशासन हरकत में

आदिवासी कन्या छात्रावास, सरकारीपारा पेंड्रा में देर रात तक तेज डीजे बजाए जाने का मामला सामने आया है। कन्या छात्रावास परिसर में रात लगभग 11 बजे तक तेज आवाज में डीजे बजने से आसपास स्थित शिक्षक कॉलोनी के रहवासी परेशान हो गए। शोर-शराबे से क्षुब्ध लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस प्रशासन से की, जिसके बाद मामला जिला प्रशासन तक पहुंचा। 

कलेक्टर के निर्देश पर देर रात एसडीएम, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग एवं पेंड्रा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रात का समय होने के कारण अधिकारियों ने छात्रावास के भीतर प्रवेश नहीं किया, लेकिन छात्रावास की अधीक्षिका तथा सुरक्षा में तैनात होमगार्ड को बाहर बुलाकर पूरे मामले की जानकारी ली गई। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने छात्रावास में नियमों के विरुद्ध देर रात डीजे बजाने पर महिला अधीक्षिका को कड़ी फटकार लगाई और इस लापरवाही को गंभीर अनुशासनहीनता बताया। 

उन्होंने निर्देश दिए कि पूरे घटनाक्रम को लेकर अधीक्षिका लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करे। गौरतलब है कि शासन द्वारा आदिवासी छात्राओं को शांत और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छात्रावास की व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद छात्रावास परिसर में इस तरह की गतिविधियां सामने आना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रावास संचालन में नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें