फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chhattisgarh: गौरेला में 10 साल से बंद टंकी गिरी, हजारों लीटर जल बहा, घरों में घुसा पानी तो उठे सवाल

Wed, 29 Apr 2026 12:46 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला पेंड्रा मरवाही

जिले के गौरेला नगर पालिका क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पतेरा टोला, वार्ड क्रमांक 1 में वर्षों से जर्जर हालत में खड़ी पानी की टंकी अचानक भरभरा कर गिर गई। टंकी गिरते ही उसमें भरा हजारों लीटर पानी तेजी से बह निकला, जिससे आसपास के घरों में पानी घुस गया। पानी एक महिला सहित कई लोगों के आंगन तक पहुंच गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यह पानी की टंकी पिछले करीब 10 वर्षों से बंद पड़ी थी और इसकी हालत बेहद खराब हो चुकी थी। स्थानीय रहवासियों ने कई बार नगर पालिका प्रशासन को टंकी की जर्जर स्थिति से अवगत कराया था। उन्होंने इसे चालू न करने की मांग भी की थी, लेकिन उनकी चेतावनी को नजरअंदाज किया गया। इसके बावजूद, पानी की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने टंकी में दोबारा पानी भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही टंकी में पानी का दबाव बढ़ा, वह अचानक भरभरा कर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे के समय टंकी के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, पानी के तेज बहाव से लोगों के घरों में पानी घुस गया और कुछ घरेलू सामान भी प्रभावित हुआ।

स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। रहवासियों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनकी बार-बार की चेतावनियों को पूरी तरह से नजरअंदाज किया गया। लोगों का मानना है कि यदि पहले ही टंकी की मरम्मत या उसे हटाने की कार्रवाई की जाती, तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।

प्रशासन की कार्रवाई और मांगें
फिलहाल, घटना के बाद प्रशासन द्वारा मौके का निरीक्षण किया जा रहा है। प्रशासन ने आगे की कार्रवाई करने की बात कही है। वहीं, क्षेत्र के लोग जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनकी मांग है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न दोहराई जाए।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें