फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GPM News: मरवाही जनपद पंचायत के इंजीनियर पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, सरपंच संघ ने सौंपा ज्ञापन

Fri, 27 Feb 2026 10:49 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला पेंड्रा मरवाही

जनपद पंचायत मरवाही में पदस्थ इंजीनियर अंकित जैन पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मरवाही सरपंच संघ ने जिला पंचायत पहुंचकर सीईओ मुकेश रावटे को ज्ञापन सौंपा। संघ ने इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

ज्ञापन में सरपंच संघ ने आरोप लगाया है कि जनपद पंचायत मरवाही में पदस्थ इंजीनियर द्वारा ग्राम पंचायतों में कराए गए निर्माण कार्यों के सत्यापन एवं मूल्यांकन के एवज में कथित रूप से 10 प्रतिशत कमीशन की मांग की जाती है। सरपंचों का कहना है कि पंचायतों को पहले से ही सीमित बजट में विकास कार्य संचालित करने पड़ते हैं, ऐसे में इस प्रकार की कथित वसूली से योजनाओं के क्रियान्वयन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

संघ के पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि यदि कोई जनप्रतिनिधि कमीशन देने से इनकार करता है, तो उसके निर्माण कार्यों का सत्यापन लंबित रखा जाता है, जिससे भुगतान प्रक्रिया अटक जाती है। परिणामस्वरूप पंचायतों में चल रहे विकास कार्य बाधित हो रहे हैं और ग्रामीणों में असंतोष की स्थिति बन रही है।

सरपंच संघ ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र और ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। आंदोलन के तहत धरना-प्रदर्शन, कार्य बहिष्कार और जिला स्तर पर विरोध दर्ज कराने जैसे कदम उठाए जा सकते हैं।

इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। अब प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई पर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की निगाहें टिकी हुई हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें