गौरेला पेंड्रा मरवाही में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान जिला अस्पताल में 12 यूनिट के नवनिर्मित SNCU (विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई) का शुभारंभ किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची और कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की भी मौजूदगी रही।
स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह अत्याधुनिक SNCU सुविधा जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी। उन्होंने बताया कि अब तक गंभीर रूप से बीमार नवजात शिशुओं को बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों में रेफर करना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की समस्या आती थी। लेकिन अब इस इकाई के शुरू होने से जिले में ही उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध हो सकेगा, जिससे नवजात शिशुओं की जीवन रक्षा में मदद मिलेगी। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में वर्तमान में 1145 हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनकी विशेष निगरानी और देखभाल की जा रही है। इस नई सुविधा के माध्यम से समय से पूर्व जन्मे, कम वजन वाले तथा गंभीर स्थिति वाले नवजात शिशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों को इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा के लिए बधाई दी और कहा कि इससे जिले के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा तथा बच्चों के स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।