गौरेला थाना क्षेत्र के कारीआम बंजारी घाट में बीते दिन हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे फुटेज में सड़क किनारे खड़े युवक को तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आते देखा जा सकता है। घटना में युवक की मौके पर गंभीर चोटें आई थीं और अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जानकारी के अनुसार, थाना गौरेला के जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक अमित कुमार पैकरा एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर ग्राम बरगवां से अपने गांव कोटमीखुर्द लौट रहे थे। उनके साथ मोटरसाइकिल पर भुनेश्वर कुमार पैकरा और कृष्णा कंवर भी सवार थे। कारीआम पहुंचने पर अमित कुमार पैकरा सड़क किनारे मोटरसाइकिल खड़ी कर लघुशंका के लिए उतरे थे।
इसी दौरान ट्रेलर चालक ने कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़े अमित कुमार पैकरा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर उन्हें काफी दूर तक घसीटता चला गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने जांच में ट्रेलर चालक की लापरवाही के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।