भिलाई नगर में चर्चित एमएमएस मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। इसी कड़ी में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव शनिवार को भिलाई नगर थाना पहुंचे और पुलिस को अपना फोटो व वीडियो सैंपल सौंपा। पुलिस ने इन सैंपल्स को रिकॉर्ड में लेकर सुरक्षित कर लिया है और अब इन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, जिससे वायरल वीडियो की सच्चाई स्पष्ट हो सके।
जानकारी के अनुसार पुलिस द्वारा विधायक को इस मामले में पहले भी कई बार नोटिस जारी किए जा चुके थे। हाल ही में 6 अप्रैल को नोटिस भेजकर बुलाया गया था। जिसके बाद विधायक ने अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और थाना प्रभारी के समक्ष विधिवत फोटो वीडियो का सैंपलिंग प्रक्रिया पूरी कराई।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में विधानसभा चुनाव से पहले एक कथित एमएमएस सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। जिसमें एक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति दिखाई गई थी। जिसमें व्यक्ति विधायक देवेंद्र यादव का चेहरा नजर आ रहा था। हालांकि विधायक ने शुरुआत से ही इन आरोपों को खारिज करते हुए वीडियो को फर्जी और उनकी छवि धूमिल करने की साजिश बताया है। उन्होंने खुद भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराकर निष्पक्ष जांच की मांग की थी। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है और सैंपल जांच के बाद ही पूरे मामले में वीडियो वायरल करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है।