फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CG: नशे से दूरी, तकनीक से यारी; ओ.पी. चौधरी ने 100 युवाओं को सौंपे AI प्रमाण-पत्र, 10 लाख की राशि का एलान

Mon, 03 Aug 2026 11:37 AM IST
धमतरी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धमतरी

छत्तीसगढ़ शासन के वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण तथा योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओ.पी. चौधरी आज धमतरी दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने मराठा मंगल भवन में आयोजित ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान’ में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित युवाओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए स्वस्थ, जागरूक और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित समाज के निर्माण का आह्वान किया। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व विधायक, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यार्थी, युवा, स्वयंसेवी संगठन तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय अभियान ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उद्बोधन भी लाइव सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, नवाचार, कौशल, खेल और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की युवा शक्ति ही देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करेगी।

एआई प्रशिक्षण प्राप्त 100 युवाओं को प्रमाण-पत्र
इस अवसर पर मंत्री ओ.पी. चौधरी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्रशिक्षण प्राप्त 100 युवाओं को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए। साथ ही सभी प्रशिक्षित युवाओं को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस प्रकार कुल 10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र के तकनीकी मार्गदर्शन में लगाए गए मराठा किचन मसाला एवं पकवान, महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पाद तथा अन्य प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन भी किया।

युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी पूंजी- ओ.पी. चौधरी
अपने संबोधन में मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि आज जब विश्व के अनेक देशों में जनसंख्या तेजी से वृद्ध हो रही है, तब भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है। उन्होंने कहा कि भारत की औसत आयु लगभग 30 वर्ष तथा छत्तीसगढ़ की औसत आयु लगभग 24 वर्ष है। यही युवा शक्ति देश और प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2014 में भारत विश्व की दसवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, जो आज चौथे स्थान पर पहुंच चुका है और शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है।

ये भी पढ़ें-  छत्तीसगढ़ के शिवालय;यहां दशर्न मात्र से पूरी होती है मनोकामना, स्वयंभू हैं नरहरेश्वर महादेव

युवाओं के लिए अवसर बढ़े
मंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। छत्तीसगढ़ में राज्य गठन के समय जहां केवल एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं आज प्रदेश में अनेक मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, ट्रिपल आईटी तथा राष्ट्रीय स्तर के तकनीकी एवं उच्च शिक्षा संस्थानों का विस्तार हुआ है। जिससे युवाओं के लिए अवसर बढ़े हैं। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग का आग्रह करते हुए कहा कि व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और अन्य डिजिटल मंचों पर भ्रामक एवं नकारात्मक सामग्री भी प्रसारित की जाती है। ऐसे में युवाओं को सजग रहकर विवेकपूर्ण निर्णय लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, मोबाइल निर्माण और स्टार्टअप के क्षेत्र में देश ने नई पहचान बनाई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें