फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CGBSE Topper : मजदूर की बेटी का कमाल, बेमेतरा की ओमनी वर्मा बनीं 12वीं बोर्ड में प्रदेश की सेकंड टॉपर

अमर उजाला नेटवर्क, बेमेतरा Updated Wed, 29 Apr 2026 07:57 PM IST

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बुधवार को 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित किए। बेमेतरा शहर की ओमनी वर्मा ने 12वीं बोर्ड परीक्षा की प्रदेश मेरिट लिस्ट में दूसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने 96.60 फीसदी अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।

ओमनी की इस उपलब्धि ने साबित किया कि मेहनत और हौसले के सामने आर्थिक तंगी छोटी पड़ जाती है। उनके पिता चावल मिल में मजदूरी करते हैं और परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हैं। सीमित संसाधनों के बीच पढ़ाई कर ओमनी ने यह सफलता हासिल की। ओमनी ने वाणिज्य विषय से पढ़ाई की है। उनका सपना आगे बढ़कर पिता के सपनों को पूरा करना है। परिवार ने हमेशा उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। ओमनी 6 बहनों और 1 भाई वाले परिवार से आती हैं। वह भाई-बहनों में पांचवें नंबर पर हैं। उनकी दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। इतने बड़े परिवार में रहकर भी ओमनी ने पढ़ाई पर पूरा ध्यान दिया।

ओमनी बेमेतरा के शासकीय आत्मानंद विद्यालय की छात्रा रही हैं। उनके स्कूल और शिक्षकों ने भी इस सफलता पर खुशी जताई है। परिणाम घोषित होते ही घर में जश्न का माहौल बन गया। जब बोर्ड परिणाम घोषित हुआ, उनके पिता चावल मिल में मजदूरी करने गए थे। बेटी की सफलता की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में खुशी की लहर दौड़ गई।

ओमनी की सफलता अब जिले की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है। मेहनतकश परिवार की इस बेटी ने साबित किया कि सपनों की उड़ान के लिए इरादों की मजबूती जरूरी है। जिले की एक और बेटी लक्ष्मी साहू ने 12वीं के शीर्ष दस में नौवां स्थान हासिल किया। ग्राम कुंरा के सरकारी स्कूल की लक्ष्मी ने कला संकाय में 96.60 फीसदी अंक प्राप्त किए। इस बार जिले की दो बेटियों ने प्रदेश के शीर्ष दस में जगह बनाई है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें