भाटापारा जिले में आगजनी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के भाटापारा बायपास मुख्य मार्ग का है, जहां एक चावल से भरे ट्रक में भीषण आग लग गई। ट्रक बिलाईगढ़ से चावल लेकर अर्जुनी स्थित गोदाम की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक के केबिन में अचानक आग भड़क उठी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में ट्रक धू-धू कर जलने लगा। समय रहते चालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने पर अंबुजा सीमेंट संयंत्र की फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल कोतवाली पुलिस मौके पर मौजूद है और घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। गौरतलब है कि जिले में यह आगजनी की दूसरी बड़ी घटना है, जिससे प्रशासन की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना से लाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।