जिले में 16 जून से नए शिक्षा सत्र की शुरुआत हो चुकी है। लेकिन इस बीच कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी से पढ़ाई ठप होने के मामले को लेकर तालाबंदी के साथ-साथ कलेक्टर तक शिकायत लेकर लोग पहुंच रहे हैं, इस बीच डौंडी ब्लॉक के गुजरा गांव के कुछ स्कूली बच्चे स्कूल ड्रेस में ही अपने पालकों के साथ कलेक्टर के पास पहुंच गए। जहां स्कूल में एक शिक्षिका का ट्रांसफर होने पर स्कूली बच्चे मायूस नजर आए। वहीं एक बच्ची ने खाना बंद कर दिया और भूखे ही वह कलेक्टर से मांग करने लगी कि जिस शिक्षिका का ट्रांसफर हुआ है उसे वापस बुलाने की मांग करने लगी। इस दौरान स्कूली बच्ची मीडिया से बात करते हुए रोने लगी और भावुक होकर शिक्षिका को वापस स्कूल में बुलाने की मांग की।बता दें कि बालोद जिले के आदिवासी विकास खंड डौंडी के ग्राम गुजरा प्राथमिक स्कूल में वर्तमान में 92 बच्चे अध्ययनरत हैं, जिनके लिए 1 प्रधानाध्यापक और 1 सहायक शिक्षक हैं, जो पर्याप्त नहीं हैं। एक और महिला टीचर ललिता कंवर, जो 2 साल पहले इस स्कूल में आई थीं, उन्हें युक्तियुक्तकरण के तहत आदिवासी विकास खंड के साल्हे क्रमांक 02 में भेज दिया गया है। जिससे आहत होकर स्कूली बच्चों ने खाना छोड़कर कलेक्टर के पास अपनी शिकायत लेकर आए और मीडिया को देखकर रो भी पड़े।