बालोद जिले के अर्जुन्दा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को जहीराबाद से पकड़कर नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर को अर्जुन्दा थाने में नाबालिग लड़की के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन और एसडीओपी श्रुति सिंह के मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही चन्द्रजीत यादव (31), निवासी ग्राम परसतराई की लोकेशन तेलंगाना में मिली।
इसके बाद अर्जुन्दा पुलिस की टीम तेलंगाना के जहीराबाद पहुंची और कार्रवाई करते हुए नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी जोड़ीं।
पुलिस ने आरोपी चन्द्रजीत यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।