सरगुजा जिले के अंबिकापुर में शनिवार की दोपहर एक बड़ी घटना सामने आई। केदारपुर स्थित मिशन चौक के पास मोहल्ले में सड़क किनारे खड़ी एक कार में कुछ अज्ञात शरारती तत्वों ने आग लगा दी। देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई और जलकर पूरी तरह खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन खबर लिखे जाने तक दमकल की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह कार काफी समय से सड़क किनारे खड़ी थी और संभवतः खराब हालत में थी। इसी बीच किसी ने उसमें आग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने आग की घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो यह आसपास के मकानों तक फैल सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगजनी की वजह का पता लगाया जा रहा है।