सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र अंतर्गत राजापुर उपतहसील कार्यालय में बुधवार को उस समय विवाद की स्थिति निर्मित हो गई, जब क्षेत्रीय विधायक रामकुमार टोप्पो के परिजनों और नायब तहसीलदार के बीच कहासुनी हो गई। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अभद्रता और मारपीट के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार विधायक की बहन का जमीन संबंधी एक प्रकरण राजापुर उपतहसील में लंबित है। बताया जा रहा है कि मामले में लगातार तारीख मिलने से वे बुधवार को अपनी समस्या लेकर कार्यालय पहुंचीं। इस दौरान उनकी नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी से बहस हो गई। विधायक पक्ष का आरोप है कि अधिकारी ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा।
घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक रामकुमार टोप्पो अपने समर्थकों के साथ सीतापुर थाना पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। वहीं दूसरी ओर नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी ने विधायक समर्थकों पर कार्यालय में घुसकर दुर्व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। सीतापुर थाना पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।