अंबिकापुर नगर के केदारपुर पानी टंकी के पास स्थित पुराना नगर निगम कार्यालय के समीप एक निजी स्कूल की शिक्षिका के सूने मकान में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाश पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे और करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, कांसा-पीतल के बर्तन तथा नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, मोंटफोर्ट स्कूल में पदस्थ शिक्षिका सरिता सिंहा पति विनोद सिंहा 22 जुलाई की सुबह करीब 7.30 बजे स्कूल चली गई थीं। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने पीछे का दरवाजा तोड़ा और घर में रखी चार सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, चांदी के सिक्के, कांसा-पीतल के बर्तन तथा 20 से 25 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर तीन संदिग्ध किशोर वारदात के दौरान आते-जाते दिखाई दिए हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने पूछताछ के लिए एक कबाड़ी और दो अपचारी बालकों को हिरासत में लिया है। आशंका है कि चोरी का कुछ सामान कबाड़ी के माध्यम से खपाने की कोशिश की गई थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी गिरफ्तारी या चोरी के सामान की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ के बाद चोरी के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने और सामान की बरामदगी की संभावना है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने का भरोसा जताया है।