पीजीआई में अनुबंध पर तैनात हॉस्पिटल अटेंडेंट, सैनिटरी अटेंडेंट और वाहकों (बियरर) की चल रही हड़ताल को देखते हुए पीजीआई ने व्यापक आकस्मिक योजना लागू कर दी है। सोमवार को नए मरीजों का पंजीकरण नहीं होगा। सिर्फ फॉलोअप मरीजों का सुबह 8 से 10 बजे तक पंजीकरण होगा। पहले से किए गए ऑनलाइन पंजीकरण भी रद्द कर दिए गए हैं। पीजीआई में एरियर भुगतान को लेकर हॉस्पिटल अटेंडेंट, सफाई कर्मचारी व किचन स्टाफ की हड़ताल रविवार को भी जारी रही। इस दौरान कर्मचारियों ने पीजीआई में एकत्रित होकर सुबह से प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। उनकी मांग है कि जब तक उन्हें बकाया भुगतान नहीं किया जाता वह काम पर नहीं लौटेंगे। वहीं पीजीआई प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह हड़ताल के दौरान किए गए बदलाव संबंधित सूचना चस्पा दी है।