हरियाणा के आईपीएस एडीजीपी वाई पूरण कुमार आत्महत्या मामले को मंगलवार को पूरे आठ दिन हो गए हैं। 8 दिन बीत जाने के बावजूद वाई पूरण कुमार के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। सरकार की तरफ से परिवार को मनाने की सारे कोशिशें नाकाम रही हैं। वहीं आज केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी चंडीगढ़ पहुंचे और उन्होंने दिवंगत आईपीएस पूरण कुमार के परिवार से मुलाकात की। चिराग पासवान ने पत्रकार वार्ता में कहा कि यह दुखद घटना मौजूदा सामाजिक बुराइयों को उजागर करती है, यह दर्शाती है कि कैसे 21वीं सदी में भी लोगों को जाति, पंथ और धर्म के आधार पर सताया जाता है। आज मैं चिराग पासवान के रूप में नहीं, बल्कि उनके परिवार के सदस्य के रूप में परिवार से मिलने आया हूं। मैं हमारी सरकार का विश्वास लेकर आया हूं और उन्हें आश्वासन देता हूं कि परिवार की हर मांग पूरी की जाएगी और कार्रवाई जल्दी और बिना देरी के की जाएगी। अगर इस परिवार को न्याय नहीं मिला, तो कोई भी दलित परिवार मुख्यधारा में शामिल होने के बारे में नहीं सोचेगा।