चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में वसंत पंचमी पर माैसम बदल गया। ट्राईसिटी में शुक्रवार सुबह से तेज बरसात हो रही है। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ गिर गए हैं। मोहाली फेज एक पुलिस स्टेशन के बाहर लगा कई साल पुराना पेड़ बरसात के कारण गिर गया। इससे सड़क के दोनों और आवाजाही बंद हो गई। चंडीगढ़ के सेक्टर 32 -33 की विभाजित सड़क पर एक पेड़ गिर गया। राहगीर बाल बाल बचा। मनीमाजरा स्थित गोविंदपुर इलाके में शुक्रवार सुबह हुई बरसात में एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें मकान नंबर 1119 की छत अचानक गिर गई। हादसे के समय घर के अंदर मौजूद तीन छोटे बच्चे मलबे की चपेट में आ गए। राहुल, शनि और गौरव की उम्र 10-12 साल के करीब बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों की सहायता से बच्चों को तुरंत मलबे से बाहर निकालकर मनीमाजरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज देने के बाद सेक्टर 32 के अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है, हालांकि एक बच्चे की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। चंडीगढ़ सेक्टर 23 में इंटरनल रोड पर जगह-जगह छोटे-छोटे पेड़ गिरे हुए हैं, इसके अलावा एक बड़ा पेड़ गिरा हुआ है। मौके पर पहुंचे हॉर्टिकल्चर विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि इस रोड पर 7 से 8 पेड़ों को लेकर शिकायत की जा चुकी है। इससे पहले इंस्पेक्शन की गई थी। पेड़ गिरने की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। चंडीगढ़ के जीएमसीएच-32 स्थित नए ट्रॉमा सेंटर में शुक्रवार की सुबह मेन गेट एरिया की फॉल सीलिंग अचानक गिर गई। घटना के समय वहां मरीजों, उनके परिजनों और सुरक्षाकर्मियों की भारी मौजूदगी थी। हादसे में एक व्यक्ति के घायल होने की पुष्टि हुई है, जिसका तत्काल इलाज दिया गया।