PGI कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन की ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने पूर्व में दिए गए नोटिस के अनुसार मंगलवार को दोपहर 2 बजे से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। यह विरोध प्रदर्शन अपनी मांगों को लेकर किया जा रहा है। ज्वाइंट एक्शन कमेटी के सीनियर वाइस चेयरमैन संजीव कुमार और कॉन्ट्रैक्ट सिक्योरिटी गार्ड्स यूनियन के अध्यक्ष हरीश कुमार ने दोपहर 2 बजे भूख हड़ताल की शुरुआत की। यूनियन का कहना है कि प्रशासन की ओर से बार-बार बातचीत का आश्वासन दिया गया, लेकिन ठोस समाधान नहीं निकला। इससे पहले PGI प्रशासन ने 16 दिसंबर 2025 को जारी नोटिस के माध्यम से ज्वाइंट एक्शन कमेटी को दोपहर 3:30 बजे बातचीत के लिए बुलाया था। यह बैठक मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. विपिन कौशल की अध्यक्षता वाली समिति के समक्ष प्रस्तावित थी। हालांकि ज्वाइंट एक्शन कमेटी का आरोप है कि यह बैठक जानबूझकर विफल की गई। यूनियन के अनुसार, प्रशासन ने बातचीत में केवल 2–3 ग्रुप डी कर्मचारियों को शामिल करने की शर्त रखी और कमेटी के चेयरमैन अश्विनी कुमार मुंजाल को बैठक में शामिल नहीं होने दिया गया। इसी के विरोध में कमिटी ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का फैसला लिया। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से बातचीत नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।