सरकार से सुरक्षा प्राप्त करने वाले वीआईपी की लिस्ट बढ़ती जा रही है। हाल ही में इसमें एक नया नाम जुड़ा है।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक योग गुरू बाबा रामदेव के खिलाफ सीबीआई में शिकायत दर्ज कराने वाले आचार्य प्रमोद कृष्णम को वाई केटेगिरी की सुरक्षा दी गई है।
आचार्य प्रमोद कृष्णम अखिल भारतीय संत समिति के अध्यक्ष हैं। उन्हें पिछले महीने गृह मंत्रालय ने 'वाई' केटेगरी की सुरक्षा मुहैया कराई है।
गृह मंत्रालय ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को उत्तर प्रदेश में कृष्णम को सुरक्षा मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
कृष्णम ने बताया कि मुझे एक महीने पहले खुफिया एजेंसी आईबी की ओर से बताया गया कि मेरी जान को आतंकवादी संगठनों से खतरा है।
उन्होंने बताया कि मैं पहले इंडियन मुजाहिदीन और दूसरे आतंकवादी संगठनों के खिलाफ खुलकर बोल चुका हूं लेकिन मुझे कभी नहीं लगा की मेरी जान को खतरा है।
कृष्ण ने सरकार से निवेदन भी किया है कि अगर वास्तव में उनकी जान को खतरा है तो पूरे देश में सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
रामदेव के खिलाफ शिकायत
गौरतलब है कि कृष्णम तब चर्चा में आए थे जब उन्होंने साल 2011 में राष्ट्रपति को बाबा रामदेव और उनके सहयोगी बालकृष्ण के खिलाफ विदेशी मुद्रा अधिनियम के उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराई थी।
यह मामला सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय के पास गया और इसकी जांच की जा रही है।
कृष्णम ने यह आरोप भी लगाया था कि बालकृष्ण भारतीय नागरिक नहीं हैं और साथ ही उनकी योग गुरू की अवैध संपत्ति में हिस्सेदारी है।
वीआईपी सुरक्षा की लिस्ट बड़ी
सुशील कुमार शिंदे के गृह मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद से सुरक्षा पाने वालों की सूची में इजाफा हुआ है।
हाल ही में गृह मंत्रालय ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पी एस बाजवा और कांग्रेस सांसद एमपी रवनीत सिंह बिट्टू को 'जेड' केटेगरी की सुरक्षा दी है।
वहीं, उत्तर प्रदेश से बहुजन समाज पार्टी की सांसद सीमा उपाध्याया को वाई केटेगरी की सुरक्षा दी गई है।
सीबीआई ने खंगाला रामदेव का आश्रम
सीबीआई ने बाबा रामदेव के गुरु, स्वामी शंकर देव के छह साल पहले रहस्यमयी तरीके से गायब हो जाने के मामले की जांच तेज कर दी है।
एजेंसी के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को रामदेव के हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ परिसर को खंगाला। साथ ही टीम ने शंकर देव के संभावित अपहरण का नाट्य रूपांतरण भी किया।