जिला मुख्यालय में ट्रैफिक जाम की समस्या मरीजों की जान पर भारी पड़ रही है। एक सप्ताह बाद बृहस्पतिवार को ज्ञानसू में पेट्रोल पंप के पास लंबा जाम लग गया, जिसमें दो एंबुलेंस आधे घंटे तक फंसी रही। दोनों एंबुलेंस मरीजों को जिला अस्पताल उत्तरकाशी लेकर आ रही थी।
शहर से गुजरने वाला गंगोत्री हाईवे ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्त नहीं हो पा रहा है। यहां हाईवे के दोनों किनारों पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े होने से आए दिन ही लोगों को जाम की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। बीते 9 फरवरी को भी ज्ञानसू में डेढ़ घंटे तक वाहनों का जाम लगा था, जिसमें एक एंबुलेंस फंसी रही थी। एक सप्ताह बाद बृहस्पतिवार को दोबारा यहां पेट्रोल पंप के निकट ट्रैफिक जाम लग गया, जिसमें कई छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे। मरीजों को जिला अस्पताल ला रही दो एंबुलेंस भी जाम में आधे घंटे तक फंसी रही, जिससे मरीजों की जान पर बन आई। वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं को भी जाम के चलते परेशानी उठानी पड़ी। पूर्व में ट्रैफिक जाम की खबर समाचार पत्र में प्रकाशित होने पर कुछ दिन तक ट्रैफिक पुलिस हरकत में दिखी थी, लेकिन फिर हाल जस के तस नजर आ रहे हैं।
सिर्फ एनाउंसमेंट तक सीमित है पुलिस
शहर में पुलिस अपने वाहन से ही सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों को हटाने के लिए एनाउंसमेंट करती नजर आती है, लेकिन बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती। जबकि ऐसे वाहनों को उठाने के लिए पुलिस के पास टो वैन भी है। इसके अलावा कई जगह निर्माण सामग्री भी पसरी रहती है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो तो समस्या में सुधार हो सकता है।
शहर के ट्रैफिक प्लान में बदलाव की जरूरत
पर्यटन नगरी उत्तरकाशी शहर को एक अच्छे ट्रैफिक प्लान की सख्त जरूरत है। हाईवे पर वाहनों का अधिक दबाव होने और उसके अनुरूप ट्रैफिक प्लान न होने से जाम की समस्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है, जिसके लिए वन-वे ट्रैफिक प्लान अपनाया जा सकता है। जिसमें शहर में आने वाले वाहन सीधे चुंगी बड़ेथी से आ सकते हैं। जबकि बाहर जाने वाले वाहनों को मनेरा बाईपास से भेजा जा सकता है।
शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या सुधारने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। समस्या के समाधान के लिए ट्रैफिक प्लान को दिखवाकर उसमें सुधार कराया जाएगा।
-प्रदीप राय, पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी।