उत्तरकाशी। मनेरी पुलिस और एडीटीएफ (एंटी ड्रग टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम ने एक युवक को 1 किलो 14 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद चरस की कीमत 1 लाख 1500 रुपये है। एसपी ने पुलिस टीम को दस हजार रुपये का नकद इनाम दिया है।
सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी प्रदीप राय ने बताया कि एसएसआई प्रदीप तोमर के नेतृत्व में टीम ने रविवार रात करीब 12.15 बजे गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पापड़ गाड के पास से सतेंद्र निवासी ग्राम कुज्जन भटवाड़ी को चरस के साथ गिरफ्तार किया। एसपी ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी ली जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुद चरस इकट्ठा कर आसपास के कस्बों में बेचता था। पुलिस टीम में एडीटीएफ प्रभारी व थानाध्यक्ष हर्षिल एसआई दिलमोहन बिष्ट, कांस्टेबल कुशाल सिंह, संजय सिंह, एडीटीएफ के कांस्टेबल वीर सिंह, नरेन्द्र पुरी, प्रशांत राणा, पवन चौहान, एसओजी के कांस्टेबल दीपक चौधरी शामिल रहे।