बर्फबारी के कारण गंगोत्री हाईवे बंद है। हर्षिल घूमने आए करीब 15 पर्यटक फंस गए हैं। उधर, तीन दिनों से बिजली आपूर्ति भी ठप है। घाटी में अंधेरा पसरा हुआ है। लोगों को पीने और खाना बनाने के लिए बर्फ पिघालनी पड़ रही है।
गंगोत्री हाईवे बर्फबारी के कारण बंद होने से पर्यटन स्थल हर्षिल घूमने आए करीब 15 पर्यटक फंस गए हैं। पर्यटकों को अपने गंतव्य स्थानों के लिए लौटना था। हर्षिल क्षेत्र में बीते तीन दिनों से बिजली आपूर्ति भी ठप है।
विज्ञापन
गंगा घाटी के उपला टकनौर क्षेत्र में बर्फबारी के कारण लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान हर्षिल दिनेश रावत ने बताया कि हर्षिल में तीन दिनों से 15 पर्यटक गंगोत्री हाईवे पर आवाजाही बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने से घाटी में अंधेरा पसरा हुआ है। पेयजल लाइनों में पानी जमने के चलते लोगों को पीने और खाना बनाने के लिए बर्फ पिघालनी पड़ रही है। दूर संचार सेवा भी चरमराई हुई है।
दूर संचार कंपनी के कर्मचरियों के टॉवर में ईंधन डालने के लिए नहीं पहुंचने पर नौवीं बिहार रेजीमेंट ने स्वयं एक निजी दूर संचार कंपनी के टॉवर में ईंधन डाला। जिसके बाद यहां संचार सेवा बहाल हुई। उपला टकनौर जन कल्याण मंच के अध्यक्ष माधवेंद्र रावत ने घाटी में बर्फबरी के कारण बढ़ी लोगों की परेशानी को कम करने के लिए शासन-प्रशासन से बिजली, पानी व सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र बहाल करने की मांग की है।