जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट के सप्लाई पाइप चोरी होने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि अस्पताल के ही एक सफाई कर्मचारी ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई।
बुधवार रात को जिला अस्पताल परिसर में लगे ऑक्सीजन प्लांट के सप्लाई पाइप का करीब 250 मीटर हिस्सा चोरी हो गया, जिसका पता बृहस्पतिवार को चला। अस्पताल प्रशासन ने जब इस मामले में खोज की तो पता चला कि अस्पताल के ही एक सफाई कर्मी ने पीतल के लालच में इस पाइप को उखाड़ा है। सफाई कर्मी इसे कबाड़ में बेचना चाहता था। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. एसडी सकलानी ने बताया कि उक्त सफाई कर्मचारी ने आरोप भी स्वीकार कर लिया है। बताया कि पाइप चोरी के बाद भी ऑक्सीजन सप्लाई में किसी तरह की बाधा उत्पन्न नहीं हो रही है। जल्द पाइप की मरम्मत करवाई जाएगी। उन्होंने डीएम व सीएमओ को भी जानकारी दी गई है। इधर, प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।