गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चड़ेती के पास एक मैक्स अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिससे उसमें सवार आठ लोगों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे एक मैक्स भटवाड़ी से रैथल की तरफ जा रहा था, जिसमें चालक समेत आठ लोग सवार थे। जैसे ही गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चड़ेती के पास मैक्स पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक वाहन को साइड देने के चक्कर में वह अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।
थानाध्यक्ष मनेरी दिग्पाल सिंह कोहली ने बताया कि मैक्स चड़ेती के पास यह हादसा हुआ है। मैक्स नदी के किनारे अटकी है। एसडीआरएफ और मनेरी पुलिस रेस्क्यू के लिए गई है। मौके पर मैक्स में सवार आठ लोगों में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका का नाम शीला देवी पत्नी दीवान सिंह निवासी रैथल शामिल है। जबकि घायलों में हिमांशु रावत पुत्र जगत सिंह निवासी रैथल, चंद्र प्रभा पुत्र रतन सिंह, शिवानी पुत्री विजय सिंह, राधा पुत्री विरेंद्र सिंह, भीमराज पुत्र सुमन सिंह, रमेश पुत्र सरदार सिंह, मनीषा पुत्री सुमन सिंह शामिल हैं। सभी घायलों को रेस्क्यू कर 108 की मदद से अस्पताल भेजा गया है।
उधर, टिहरी जिले के गौज्याणां बनचूरी मोटर मार्ग पर उराड़ी बैंड के पास एक यूटीलिटी दुर्घटनाग्रस्त होने से पिता-पुत्र घायल हो गए। बताया जा रहा है कि इंद्रोला निवासी हरदेव व उसके पिता मुरारी यूटीलिटी से सीमेंट उतार रहे थे कि तभी वाहन सड़क से नीचे खाई में गिर गया, जिससे वे घायल हो गए।
सड़क हादसों में अब 13 लोग गंवा चुके हैं जान
जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है। वाहनों की अनियंत्रित गति के कारण पिछले छह माह में अभी तक एक दर्जन सड़क दुर्घटनाओं में 13 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। जबकि 14 घायल हुए हैं।
जिले में आपदा के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पिछले एक साल में काफी ठीक है, बावजूद इसके गंगोत्री-यमुनोत्री हाइवे पर दोनों जगह सड़क दुर्घटनाओं में लगाम नहीं लग पाई है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि ओवर स्पीड और ध्यान बंटने के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं।
जिले में पिछले छह माह में वाहन दुर्घटनाओं पर नजर डालें, तो एक दर्जन सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। इनमें 13 लोगों की मौत और 14 लोग घायल हुए हैं। 4 मई को भी यमुनोत्री हाइवे पर सारीगाड़ के पास कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई थी, जिससे उसमें सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। जबकि 26 अप्रैल की शाम को गंगोत्री हाईवे पर भैरोंघाटी के समीप बाइक दुर्घटना में एक घायल हो गया था, जबकि दूसरे की मौत हो गई थी।