12 साल बाद भी ट्रेड शुरू नहीं होने से ग्रामीण नाराज
ग्रामीणों ने कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री बहुगुणा को बताई समस्या
चिन्यालीसौड़। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बनचौरा में 12 साल बाद भी नए ट्रेड शुरू नहीं होने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने कहा कि आईटीआई का भवन बने 12 साल हो गया है लेकिन फिटर ट्रेड के अलावा अन्य ट्रेड संचालित नहीं हो पा रहे हैं। इससे अन्य ट्रेड के लिए गांव के बच्चों को चिन्यालीसौड़ और बड़कोट सहित जिला मुख्यालय में जाना पड़ता है। क्षेत्रीय के लोगों ने कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री सौरभ बहुगुणा से मुलाकात कर जल्द ही अन्य ट्रेड संचालित करने की मांग की।
भाजपा के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में क्षेत्र के ग्रामीणों ने कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री सौरभ बहुगुणा से मुलाकात की। कहा कि बनचौरा में स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) की बिल्डिंग बने हुए करीब 12 साल का समय बीत चुका है लेकिन आज तक केवल फिटर ट्रेड ही संचालित हो रहा है।
संस्थान में भवन और पूरा स्टाफ मौजूद होने के बावजूद अन्य ट्रेड शुरू नहीं किए गए हैं। वर्तमान में यहां फिटर ट्रेड के केवल पांच छात्र थे जिन्होंने अब अपना प्रशिक्षण पूरा कर लिया है और संस्थान छोड़ चुके हैं। अगर यहां कंप्यूटर, सिलाई और इलेक्ट्रिसिटी जैसे नए ट्रेड शुरू कर दिए जाए तो क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण के लिए दूर के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। वहीं मंत्री ने तत्काल कौशल विकास एवं सेवा योजना सचिव सी. रविशंकर को फोन कर आईटीआई का सर्वे कर तत्काल नए ट्रेड खोलने के आदेश दिए।