धरासू देवीसौड़ मल्ली बैंड जोगत मोटर मार्ग पर भूस्खलन सक्रिय होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। आवाजाही सुचारु करने के लिए कटिंग का कार्य शुरू किया गया है। जिसमें पांच दिन का और समय लगेगा।
शनिवार रात को धरासू देवीसौड़ मल्ली बैंड जोगत मोटर मार्ग के करीब 11 किमी हिस्से में भूस्खलन सक्रिय हो गया है, जिससे कटाव के कारण मल्ली बैंड की ओर मार्ग की चौड़ाई तीन मीटर रह गई है। लगातार कटाव के चलते भारी वाहनों की आवाजाही के लिए खतरा बना हुआ है। लोनिवि निर्माण खंड के ईई एसके तोमर ने जिला आपदा प्रबंधन विभाग को पत्र लिखकर मार्ग सुरक्षित आवाजाही तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने को कहा था। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि लोनिवि के पत्र पर संबंधित थाना क्षेत्र को भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मार्ग को जल्द सुरक्षित आवाजाही के लिए तैयार करने को कहा गया है।