गंगोत्री हाईवे पर नगूण गाड के पास आवाजाही जोखिम भरी बनी हुई है। दो दिन से यहां रुक-रुककर पहाड़ी से बोल्डर व मलबा गिर रहा है। इससे बार-बार यातायात भी बाधित हो रहा है।
गंगोत्री हाईवे पर नगूण गाड के पास शनिवार सुबह से ही रुक-रुककर मलबा गिर रहा है। शनिवार लगभग पूरे दिन यहां यातायात बंद रहा। शनिवार रात करीब साढे़ 11 बजे बीआरओ ने गंगोत्री हाईवे को यातायात के लिए खोल दिया लेकिन रविवार सुबह फिर यहां पहाड़ी से रुक-रुककर मलबा व बोल्डर गिरने लगे। इससे एक बार फिर यातायात अवरुद्ध हो गया। इसे सुबह करीब 10 बजे एक बार फिर यातायात के लिए खोल दिया गया। बीआरओ की ओर से यहां मलबा साफ करने के लिए दो मशीनें लगाई गई हैं। शाम साढे़ चार बजे फिर बोल्डर व मलबा आने से गंगोत्री हाईवे पर यातायात अवरुद्ध हो गया। रुक-रुककर गिर रहे बोल्डर व मलबे से यहां आवाजाही भी जोखिम भरी बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर स्यासू-मणि मोटर मार्ग रविवार को भी मुंडरासेरा के समीप बाधित रहा। पीएमजीएसवाई की ओर से मार्ग खोलने के लिए यहां मशीनें लगाई गई हैं।