डायल 112 पर सोमवार को वाहन में 50 हजार रुपये छूट जाने की सूचना दी गई। धरासू पुलिस के त्वरित कार्रवाई करने पर सूचना फर्जी पाई गई। पुलिस ने सूचना देने वाले और वाहन चालक का चालान किया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को उत्तरकाशी के कावागड़ी निवासी मेघ सिंह ने डायल 112 पर सूचना दी कि वाहन में 50 हजार रुपये से भरा बैग छूट गया है। सूचना पर धरासू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त वाहन को धरासू थाने से नीचे रोक लिया। वाहन में सवार सभी लोगों की तलाशी ली गई लेकिन उक्त रकम नहीं मिली। जानकारी करने पर पता चला कि मेघ सिंह और वाहन चालक वीरेंद्र सिंह निवासी बड़कोट साथ में बैठकर शराब पी रहे थे। इसके बाद वीरेंद्र सिंह के वाहन में बिना बैठाए चले जाने से नाराज मेघ सिंह ने डायल 112 पर फर्जी सूचना दी थी। इस संबंध में मेघ सिंह के बड़े भाई को मौके पर बुलाने पर पता चला कि 50 हजार रुपये होने की बात फर्जी है। पुलिस ने मेघ सिंह और वीरेंद्र सिंह का मेडिकल कराकर चालान कर दिया है। ब्यूरो