चार धाम यात्रा के लिए अभी से अच्छी-खासी बुकिंग होने पर होटल व्यवसायियों में जहां खुशी है, वहीं शहर में मूलभूत सुविधाओं की कमी पर चिंता जताई है। होटल व्यवसायियों का कहना है कि पर्यटकों व तीर्थ यात्रियों के बड़ी संख्या में पहुंचने की उम्मीद है। अब होटल व्यवसायी इन सुविधाओं के सुधार के लिए प्रशासन से उम्मीद लगाए हुए हैं।
दो वर्ष कोरोना संक्रमण काल के चलते तीर्थाटन व पर्यटन गतिविधि ठप रही, जिससे इन क्षेत्रों से जुड़े कारोबारियों के समक्ष रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया था। लेकिन इस बार फरवरी में ही होटलों में अच्छी खासी बुकिंग आने से होटल व्यवसायियों के चेहरे खिले हुए हैं। होटल व्यवसायियों ने इस बार बड़ी तादाद में पर्यटकों व तीर्थयात्रियों के पहुंचने की उम्मीद जताई है।
- उत्तरकाशी शहर धार्मिक व पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, लेकिन यहां मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है। सबसे बुरी स्थिति पार्किंग को लेकर है। बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने पर पार्किंग विकराल समस्या बन सकती है। लेकिन प्रशासन इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। -अजय पुरी, पूर्व अध्यक्ष होटल एसोसिएशन उत्तरकाशी
-जोशियाड़ा में दो बड़े पार्किंग स्थल उपलब्ध हैं। इसके अलावा आवश्यकता पड़ने पर रामलीला मैदान में घास के बाहर वाले क्षेत्र को भी वैकल्पिक रूप में पार्किंग के लिए प्रयोग किया जा सकता है। -एसएस चौहान, एसडीएम भटवाड़ी।