नेहरू पर्वतारोहण संस्थान उत्तरकाशी (निम) के स्पोर्ट क्लाइंबिंग सेंटर में आयोजित प्रतियोगिताओं के सीनियर वर्ग में गौरव पंवार, मनीषा पंवार, शीतल व महादेव ने बाजी मारी। वहीं जूनियर वर्ग में अभय नेगी व ज्योति विजयी रहे। यहां भारतीय पर्वतारोहण संस्थान (आईएमएफ) नॉर्थ जोन की ओर से सात दिवसीय प्रशिक्षण कैंप व प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। विजेताओं को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, निम के प्रधानाचार्य कर्नल अमित ने सम्मानित किया।
मंगलवार को नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में स्पोर्ट क्लाइंबिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड तथा एडवेंचर स्पोर्ट एसोसिएशन ऑफ उत्तरकाशी के सहयोग आयोजित प्रशिक्षण कैंप व प्रतियोगिता का समापन हुआ। इस दौरान आईएमएफ नॉर्थ जोन के अध्यक्ष एवं निम के प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट ने कहा कि स्पोर्ट क्लाइंबिंग खेल की एक विधा है, जो वर्तमान में बहुत तेजी से विख्यात हो रही है। कर्नल बिष्ट ने कहा कि निम में इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ स्पोर्ट क्लाइंबिंग के मानकों के तहत स्पोर्ट क्लाइंबिंग सेंटर तैयार किया गया है, जो राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए आधारभूत संरचना उपलब्ध कराती है।
प्रतियोगिता में स्पीड क्लाइंबिंग सीनियर वर्ग में गौरव पंवार प्रथम, नीरज कुमार द्वितीय व लवराज पंवार तृतीय रहे। बालिका वर्ग में मनीषा पंवार पहले, अंजलि नेगी दूसरे व शीतल तीसरे स्थान पर रही। बोल्डरिंग प्रतियोगिता के सीनियर बालिका वर्ग में शीतल, सिमरन व मनीषा क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे। बालक सीनियर वर्ग में महादेव प्रथम, प्रियांक द्वितीय और हिमांशु ने तृतीय रहे। प्रतियोगिता जूनियर बालक वर्ग में अभय नेगी, अमन नेगी, अमन चौधरी व जूनियर बालिका वर्ग में ज्योति, प्रियल चौधरी व अनुष्का रावत ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर मेजर आरएस जमनाल, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा, व्यापार मंडल के अध्यक्ष रमेश चौहान, दिनेश भट्ट सहित आदि मौजूद थे।