डुंडा बाजार में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते दो माह के भीतर ही यहां घर, होटल एवं दुकानों के ताले तोड़ने के साथ ही बैंक के एटीएम में तोड़फोड़ की घटनाएं हो चुकी हैं। बृहस्पतिवार की रात फिर से एक होटल और एक गोदाम के ताले तोड़कर चोर सामान उड़ा ले गए।
बृहस्पतिवार की रात को अज्ञात चोर घनश्याम एंड संस के कपड़े के गोदाम के ताले तोड़ कर कपड़ों के थान ले उड़े और चौकी ढंगार तोक में बिष्ट होटल का ताला तोड़कर हजारों के सामान पर हाथ साफ किया। एक के बाद एक चोरी की घटनाएं होने के बावजूद इनका खुलासा न होने से क्षेत्र की जनता में रोष पनप रहा है। उन्होंने कस्बे में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।
बता दें कि बीते दो माह में डुंडा कस्बे में ही चोरों ने बीडीओ आवास के साथ ही होटल-दुकानों में चोरी की तीन वारदात को अंजाम दिया। इसमें एक बैंक के एटीएम में तोड़फोड़ की घटना भी हुई। अभी तक पुलिस इनमें से एक भी चोरी का खुलासा नहीं कर पायी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ददन पाल ने कहा कि डुंडा चौकी प्रभारी को रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।