उत्तरकाशी। बस अड्डे के निकट इंदिरा कालोनी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। महिला का पति घरेलू विवाद के बाद आत्महत्या की बात कह रहा है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाकर मामले की पड़ताल में जुटी है।
थानाध्यक्ष महादेव उनियाल ने बताया कि राज मिस्त्री का काम करने वाला सलीम अंसारी विगत 19-20 साल से बस अड्डे के निकट इंदिरा कालोनी में रहता है। उसकी पत्नी संफुलनिशा (40) और सात साल का बेटा भी साथ ही रहते हैं। शुक्रवार देर रात करीब दो बजे सलीम ने अपने एक दोस्त के साथ थाने में पहुंचकर पत्नी के जलने की सूचना दी। सलीम ने पुलिस को बताया कि रात साढ़े नौ बजे खाना बनाने को लेकर उसका पत्नी के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद वह बेटे के साथ दूसरे कमरे में टीवी देखने लगा। थोड़ी देर में पत्नी की चीख सुनाई दी। कमरा भीतर से बंद होने के कारण वह जब तक टीन की छत को उखाड़ने के लिए छत पर चढ़ा, तब तक पत्नी दरवाजा खोलकर बाहर निकली और पुश्ते से नीचे जा गिरी। थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचा दिया गया है। मृतका के पति एवं बेटे के साथ ही पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है। पीएम रिपोर्ट एवं पूछताछ के बाद स्थिति स्पष्ट होने पर मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।