उत्तरकाशी। राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित रन फॉर यूनिटी में बालिका वर्ग में आंशिक मराठा और बालक वर्ग में जयराज ने प्रथम स्थान हासिल किया। शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर युवा कल्याण एवं क्रीड़ा विभाग की ओर से कलेक्ट्रेट से जोशियाड़ा हेलिपैड तक दौड़ आयोजित की गई। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।
प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में आंशिक मराठा प्रथम, आंशिक चौहान द्वितीय और महक नेगी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं बालक वर्ग में जयराज ने पहला, नितिन ने दूसरा और सुमित ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। दौड़ में पीआरडी स्वयंसेवकों और क्रीड़ा विभाग के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इससे पूर्व जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
जनपद के अन्य सरकारी कार्यालयों में भी शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, सीवीओ एचएस बिष्ट, डीईएसटीओ अतुल आनंद, जिला युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी, प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी निधि बिंजोला सहित कई मौजूद रहे। संवाद